धमतरी। पूर्व विधायक रंजना साहू को हाल ही में भारतीय जनता पार्टी द्वारा सदस्यता श्री सम्मान से नवाजा गया। उन्होंने इस सम्मान को धमतरी विधानसभा के उन सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित किया है, जिन्होंने जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। यह सम्मान भाजपा के संगठन पर्व के दौरान सदस्यता अभियान में तय लक्ष्य को पार करने के लिए दिया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में कई लोगों को सम्मानित किया था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से रंजना साहू उस समारोह में शामिल नहीं हो पाई थीं। धमतरी में हुआ सम्मान सोमवार को धमतरी जिला भाजपा कार्यालय में रंजना साहू को यह सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सम्मान प्राप्त करते हुए रंजना साहू ने कहा कि यह सम्मान उनके अकेले का नहीं, बल्कि उन हजारों कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर धमतरी में हजारों लोगों को भाजपा से जोड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। उन्होंने यह भी बताया कि कार्यकर्ता सिर्फ सदस्यता अभियान तक ही सीमित नहीं रहे, बल्कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का काम भी लगातार कर रहे हैं। यह सम्मान रंजना साहू के नेतृत्व और धमतरी में भाजपा के लिए उनके अथक प्रयासों का प्रमाण है।

                                            Add