धमतरी। ईडी की कार्रवाई ने छत्तीसगढ़ की सियासत में नई आग लगा दी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी ने कांग्रेस खेमे में हलचल मचा दी है। वो भी उनके जन्मदिन के दिन! आरोप है कि चैतन्य बघेल को कथित शराब घोटाले में गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को धमतरी जिला कांग्रेस ने गांधी मैदान में ईडी और भाजपा सरकार का पुतला दहन करने की कोशिश की।
लेकिन ये कोशिश पूरी नहीं हो सकी…जैसे ही पुतले में आग लगी पुलिस मौके पर पहुंच गई और जलते पुतले पर पानी फेर दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर खींचातानी हुई। हंगामे के बीच पुलिस ने पुतले को टुकड़ों में छीनकर कब्जे में ले लिया। कांग्रेसियों का कहना है कि भाजपा सरकार ईडी को राजनीतिक हथियार बना रही है और विपक्ष को दबाने की साजिश की जा रही है। अब सवाल ये है कि क्या ये गुस्सा केवल पुतले की आग तक सीमित रहेगा या आने वाले दिनों में कांग्रेस सड़कों पर और बड़ा आंदोलन छेड़ेगी?