धमतरी। सावन के चौथे सोमवार को रुद्रेश्वर महादेव मंदिर में भक्ति का महासैलाब उमड़ा। बोल बम के जयकारों के बीच हजारों भक्त कावड़ लेकर मंदिर पहुंचे। वहीं दूसरी ओर, धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने मंदिर परिसर में जूठे पत्तों और प्रसाद के बचे हुए सामान को खुद हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उनका यह सरल लेकिन असरदार कदम भक्तों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। महापौर ने श्रद्धालुओं से कहा जैसे हम भगवान को शुद्ध मन से पूजते हैं, वैसे ही मंदिर की सफाई भी हमारी जिम्मेदारी है। साफ-सुथरा परिसर भी एक तरह की पूजा है। वही भक्त दूर दूर से कंधे पर कावड़ लिए नाचते-गाते मंदिर की ओर बढ़ते दिखे। रास्तों में सेवा भाव से ओतप्रोत युवाओं और समाजसेवियों ने शरबत, फल और जलपान की व्यवस्था कर पुण्य कमाया। रुद्रेश्वर महादेव मंदिर, जो अपनी दिव्यता और शांति के लिए जाना जाता है, इस बार भक्ति और जिम्मेदारी का अनूठा संगम बन गया। महेंद्र पंडित समेत कई स्थानीय श्रद्धालु भी महापौर के साथ मिलकर सफाई कार्य में जुटे। 
रामू रोहरा ने महाआरती में भाग लेकर नगर की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की और यह संदेश दिया कि मंदिर की पवित्रता बनाए रखना हर भक्त की जिम्मेदारी है।
श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव से शिवलिंग पर जल चढ़ाया और अपने मन की कामनाएं भगवान भोलेनाथ के चरणों में अर्पित कीं। आज का दिन सिर्फ भक्ति का नहीं, स्वच्छता और संकल्प का भी दिन बन गया।
     
                                       Add