धमतरी। छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन में धमतरी का कद बढ़ गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पदाधिकारियों की नई सूची जारी करते हुए पूर्व विधायक रंजना साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस घोषणा के बाद से ही धमतरी में खुशी की लहर दौड़ गई। यह खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने घड़ी चौक पर बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर रंजना साहू का भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाईं।
अपने स्वागत समारोह में रंजना साहू ने भावुक होते हुए कहा, मुझ जैसे एक साधारण कार्यकर्ता, जिसने जमीनी स्तर से शुरुआत की थी, आज उसे प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। यह मेरे लिए गर्व की बात है।उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए आगे कहा, मैं विश्वास दिलाती हूँ कि मुझे प्रदेश में जो भी कार्य सौंपा जाएगा, मैं उसे पूरी ईमानदारी और कर्मठता के साथ निभाऊँगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिस विश्वास के साथ उन्हें यह पद दिया गया है, वह उसी विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी।
रंजना साहू को विधायक रहते हुए उनकी मुखर और प्रभावी कार्यशैली के लिए जाना जाता है। उन्हें उत्कृष्ट विधायक का सम्मान भी मिल चुका है। इसके अलावा, उन्होंने प्रदेश प्रवक्ता के रूप में भी अपनी भूमिका बखूबी निभाई थी। संगठन के प्रति उनके समर्पण और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
रंजना साहू की यह नियुक्ति धमतरी के लिए राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि अब जिले की आवाज प्रदेश स्तर पर और मजबूती से सुनी जाएगी। उनकी नई भूमिका से न केवल धमतरी बल्कि पूरे प्रदेश में भाजपा संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

                                            Add