धमतरी। शहर कांग्रेस कमेटी 02 द्वारा रविवार को राजीव भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष योगेश शर्मा ने की। आगामी विधानसभा और नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से यह रणनीतिक बैठक बुलाई गई, जिसमें शहर के बीस वार्डों को दो मंडल और सात सेक्टर में बांटने का प्रस्ताव रखा गया।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नीशू चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता मजबूत होगा, तब जाकर हमारा संगठन मजबूत होगा। संगठन मजबूत होगा, तब जाकर हम आगामी चुनाव में बेहतर परिणाम दे पाएंगे। बूथ स्तर पर हम मजबूत होंगे, तब जाकर हम वार्ड में मजबूत होंगे, वार्ड में मजबूत होंगे, तब शहर में मजबूत होंगे, और शहर में मजबूत होंगे, तब जिले में मजबूत होंगे। बूथ, सेक्टर, मंडल स्तर पर पूरी योजना बनाकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है, सभी लोग पार्टी हित में समर्पित होकर कार्य करें।
वहीं बैठक में उपस्थित पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहन लालवानी ने कहा पार्टी की रीढ़ माने जाने वाले एक-एक कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने से कार्यकर्ता सक्रिय होंगे। बैठक में जो निर्णय लिया गया है, उसके अनुसार सेक्टरवार बैठकों का आयोजन किया जाएगा, वार्डों में जाकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली जाएगी, पुराने कार्यकर्ताओं को जोड़ा जाएगा, अनुभवी लोगों को दायित्व सौंपा जाएगा, शहर कांग्रेस की पुरानी टीम को फिर से मैदान में उतारा जाएगा।
बैठक में संगठन के पुनर्गठन के साथ-साथ सेक्टर प्रभारियों की नियुक्ति, वार्डवार टीम गठन और जमीनी स्तर पर सक्रियता लाने पर भी विचार किया गया। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, राजा देवांगन, होरीलाल साहू, अंबर चंद्राकर, रेहान विरानी, रफीक अहमद, रानी मिनपाल, नमन बंजारे, कुशल देवांगन समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


                                       Add