धमतरी। शहर में एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बठेना वार्ड स्थित एकता हॉस्पिटल के पास बीती रात युवक की सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या इतनी वीभत्स थी कि लाश पहचानने लायक तक नहीं रही। मृतक की पहचान हिरेंद्र साहू के रूप में हुई है, जो बठेना का ही रहने वाला था। वहीं हत्या का आरोपी यशवंत ध्रुव है, जिसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हिरेंद्र और यशवंत के बीच पुरानी रंजिश थी। कुछ समय पहले हिरेंद्र ने आरोपी के भाई को धमकी दी थी, जिसके बाद से दोनों के बीच तनाव बना हुआ था। बीती रात करीब 12 से 1 बजे के बीच, जब हिरेंद्र नहर किनारे से गुजर रहा था, तभी यशवंत ने रास्ता रोककर पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मौके पर ही हिरेंद्र की मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी यशवंत ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। लगातार बढ़ रहा अपराध, सवालों के घेरे में पुलिस की साख धमतरी शहर में यह पहली घटना नहीं है। कुछ ही समय में दूसरी बड़ी हत्या ने लोगों को डरा दिया है। लोगों का कहना है कि नशे के कारोबार, अपराधियों की बेलगाम हरकतों और पुलिस की ढिलाई के चलते शहर की शांति पर सवाल उठने लगे हैं।

अब सवाल यह है कि क्या यह केवल व्यक्तिगत रंजिश थी या यह बिगड़ते सामाजिक माहौल की चेतावनी? क्या नशा और मोबाइल जैसी लतें युवाओं को खून का प्यासा बना रही हैं?

                                                Add