धमतरी। धमतरी क्रिश्चियन हॉस्पिटल में चिकित्सकीय कौशल का एक उल्लेखनीय उदाहरण सामने आया है। अस्पताल के सर्जन डॉ. प्रहर्ष क्लेडियस ने एक बुजुर्ग महिला के जबड़े के नीचे से गर्दन तक फैले जटिल कैंसर ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर उसे सुरक्षित रूप से निकाल दिया। चिकित्सकों के अनुसार यह सर्जरी अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी, क्योंकि ट्यूमर महत्वपूर्ण रक्त वाहिकाओं के बेहद समीप स्थित था। अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार मरीज के गर्दन के दाहिने हिस्से में लगभग 14×12×9 सेंटीमीटर आकार की गांठ विकसित हो गई थी, जो कम समय में तेजी से बढ़ी। विस्तृत जांच में यह एक गंभीर कैंसर ट्यूमर पाया गया, जो गर्दन की प्रमुख रक्त नलिकाओं कैरोटिड आर्टरी और इंटरनल जुगुलर वेन के पास तक फैल चुका था। ऐसी स्थिति में ऑपरेशन के दौरान इन जीवन रक्षक नसों को सुरक्षित रखना सर्जिकल टीम के लिए बड़ी चुनौती थी।
विश्व प्रसिद्ध सीएमसी वेल्लोर मेडिकल कॉलेज से प्रशिक्षित सर्जन डॉ. प्रहर्ष क्लेडियस ने अत्यंत सावधानी और विशेषज्ञता के साथ यह जटिल ऑपरेशन किया। उन्होंने कैंसरग्रस्त गांठ को सफलतापूर्वक निकालते हुए आवश्यक संरचनाओं और रक्त वाहिकाओं को सुरक्षित रखा। चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की स्थिति फिलहाल स्थिर है तथा वह धीरे-धीरे स्वास्थ्य लाभ कर रही है। डॉ. क्लेडियस ने बताया कि इस सर्जरी का उद्देश्य केवल कैंसर को हटाना ही नहीं था, बल्कि मरीज के सामान्य जीवन और स्वास्थ्य की गुणवत्ता को सुरक्षित रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण था। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अस्पताल की टीम भावना और संस्थान के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. संदीप पटोंदा के नेतृत्व में अस्पताल में जटिल और उन्नत सर्जरी के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है।

इस ऑपरेशन में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. व्योमी मारिएट्टा क्लेडियस और उनकी टीम की भूमिका भी अहम रही, जिन्होंने सर्जरी के दौरान आवश्यक चिकित्सकीय सहयोग प्रदान किया। वहीं ऑपरेशन थिएटर प्रभारी रुबिन नाथ सहित नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों का समन्वय भी इस सफलता में महत्वपूर्ण रहा। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस तरह की जटिल सर्जरी का सफलतापूर्वक संपन्न होना यह दर्शाता है कि अब धमतरी में भी गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। इससे जिले के मरीजों को बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी। मरीज और उनके परिजनों ने सफल उपचार के लिए चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया है। चिकित्सकों का कहना है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी में समय पर जांच और उपचार से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।