धमतरी। होली जैसे बड़े त्योहार से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जांच में असुरक्षित पाए जाने के बाद टाटा संपन्न फाइन बेसन के एक विशेष बैच के विक्रय, वितरण और भंडारण पर धमतरी जिले में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने व्यापारियों और उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की अपील की है।बजानकारी के अनुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला महासमुंद द्वारा टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड, बिशप लेफाय रोड, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) द्वारा निर्मित टाटा संपन्न फाइन बेसन का खाद्य नमूना गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिया गया था। यह नमूना 500 ग्राम पैक (बैच क्रमांक GV5H0844D1) का था, जिसकी पैकिंग तिथि 08 अगस्त 2025 और अवसान तिथि 07 मार्च 2026 दर्ज है। उक्त नमूने को जांच के लिए भोपाल स्थित कैली लैब प्रा. लि. भेजा गया था। प्रयोगशाला द्वारा 27 जनवरी 2026 को जारी जांच रिपोर्ट में संबंधित बैच को असुरक्षित घोषित किया गया। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त द्वारा संबंधित विनिर्माता कंपनी को उक्त बैच का उत्पाद बाजार से वापस लेने (रिकॉल) के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं, ताकि उपभोक्ताओं तक यह उत्पाद न पहुंच सके। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 36 (3) (ख) में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए धमतरी जिले के अभिहित अधिकारी सर्वेश कुमार यादव ने आदेश जारी कर टाटा संपन्न फाइन बेसन (बैच क्रमांक GV5H0844D1) के विक्रय, वितरण और भंडारण पर जिले की संपूर्ण सीमा में तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। प्रशासन ने जिले के सभी थोक और फुटकर व्यापारियों को निर्देश दिया है कि वे इस बैच के बेसन की बिक्री तत्काल बंद करें। साथ ही उपलब्ध स्टॉक को अलग सुरक्षित रखकर इसकी सूचना खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को दें। यदि किसी दुकान या गोदाम में प्रतिबंधित बैच की बिक्री या भंडारण पाया जाता है, तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उधर उपभोक्ताओं से भी अपील की गई है कि यदि उनके पास इस बैच क्रमांक का बेसन मौजूद हो तो उसका उपयोग न करें और इसकी जानकारी निकटतम खाद्य सुरक्षा अधिकारी अथवा खाद्य एवं औषधि प्रशासन कार्यालय को दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली सहित त्योहारों के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर निरीक्षण और जांच अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित और मानक गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें।

0 Comments