संजय देवांगन धमतरी शहर के हटकेशर आत्मानंद शासकीय स्कूल में विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महापौर रामू रोहरा ने 10 लाख रुपये की लागत से शेड निर्माण कराकर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। इस कार्य से न केवल विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, बल्कि स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिलेगी। इस जनहितैषी पहल के लिए विद्यालय परिवार द्वारा महापौर का भव्य सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य एवं शिक्षकगणों ने कहा कि यह शेड निर्माण विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। अब बच्चों को धूप और बारिश से बचाव मिलेगा, जिससे पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में भी निरंतरता बनी रहेगी विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर शौचालय की समुचित व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इन आवश्यक सुविधाओं के उपलब्ध होने से शिक्षा का स्तर और विद्यार्थियों का स्वास्थ्य दोनों बेहतर होंगे महापौर रामू रोहरा ने आश्वासन दिया कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “हम वादों की नहीं, विकास की राजनीति करते हैं” और विद्यालय की सभी आवश्यक मांगों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा किया जाएगा कार्यक्रम में प्राचार्य आर.के. शर्मा, शिक्षक घनश्याम साहू, शाला विकास समिति के अध्यक्ष केवल साहू, सदस्य उत्तम जैन, गेंदु राम साहू, वेदराम मारकंडे, खिलेश्वरी मुंजे सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शहर के विकास की दिशा में एक मजबूत कदम बताया