दुर्गेश साहू धमतरी। जिले में जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुरूद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डी जब्त की है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बाजार स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना कुरूद पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और छह लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 18,300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन (करीब 11 हजार रुपये कीमत) तथा 52 पत्तों की ताश जब्त की। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 29,300 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में राजू साहू, प्रदीप सिंघा, करण निर्मलकर, अनुज शर्मा, सागर पुरेना और सेवकराम साहू के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।