धमतरी। शहर के शीतलापारा वार्ड में पिछले लगभग 15 दिनों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। शाम ढलते ही पूरा मोहल्ला अंधेरे में डूब जाता है, जिससे वार्डवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है
वार्डवासियों के अनुसार, रात के समय अंधेरा होने के कारण राहगीरों, महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को आवागमन में कठिनाई होती है लोगों में दुर्घटना और असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है अंधेरे के कारण कई स्थानों पर सड़कें और नालियां दिखाई नहीं देतीं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के कुछ अन्य इलाकों में स्ट्रीट लाइटें दिन-रात जलती रहती हैं, जबकि शीतलापारा वार्ड में 15 दिनों से एक भी लाइट नहीं जल रही है उनका आरोप है कि बार-बार ध्यान दिलाने के बावजूद संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है
वार्डवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से जल्द से जल्द खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर उन्हें चालू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है
अब देखना यह होगा कि प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं और शीतलापारा वार्ड को अंधेरे से राहत दिलाने के लिए कब तक प्रभावी कार्रवाई करते हैं


0 Comments