दुर्गेश साहू धमतरी। रायपुर जिले के ग्राम पंचायत नकटी में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को लेकर प्रदेशभर में चर्चा और राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस बीच धमतरी विधायक ओंकार साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नकटी में प्रस्तावित भूमि आवंटन निरस्त करने और विधायक कॉलोनी के लिए नवा रायपुर अथवा किसी अन्य उपयुक्त शासकीय भूमि का चयन करने की मांग की है। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि गरीब परिवारों को विस्थापित कर जनप्रतिनिधियों के लिए कॉलोनी बनाना जनहित के विपरीत है। उन्होंने कहा कि वर्षों से बसे परिवारों के घर और जमीन छीनकर विधायक कॉलोनी बनाना उचित नहीं है। यदि सरकार को विधायकों के लिए आवासीय कॉलोनी विकसित करनी है, तो इसके लिए वैकल्पिक सरकारी भूमि का चयन किया जाना चाहिए।



उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते वे ऐसे किसी आवास में रहना स्वीकार नहीं करेंगे, जो गरीब परिवारों के विस्थापन की कीमत पर बनाया गया हो। सरकार को विकास और जनहित के बीच संतुलन बनाते हुए ऐसा समाधान निकालना चाहिए, जिससे किसी परिवार को अपना घर न छोड़ना पड़े। मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक ने नकटी में प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने और प्रभावित ग्रामीणों के हितों की रक्षा करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीबों, किसानों और वंचित वर्ग के हितों से जुड़े मुद्दों पर उनके साथ खड़ी है। यदि ग्रामीणों की मांगों की अनदेखी की गई, तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएगी। नकटी में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी का मामला इन दिनों प्रदेश की राजनीति का प्रमुख मुद्दा बना हुआ है। इसे लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक लगातार बहस जारी है।