संजय देवांगन धमतरी। जिले में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को इतवारी बाजार स्थित पोलियो बूथ पर किया गया। अभियान का शुभारंभ समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि रामू रोहरा ने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से असुरक्षित न रहे

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में पोलियो अभियान के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ बनाए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा स्वयंसेवक बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रहे हैं। अभियान के दौरान उन बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाए हैं

अभियान के पहले दिन जिले में उत्साहजनक प्रतिसाद देखने को मिला। बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पोलियो बूथ पहुंचे और उन्हें पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई गई स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पहले दिन लगभग 92 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई, जिसे अभियान की सफल शुरुआत माना जा रहा है।

रामू रोहरा ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि यदि किसी कारण से कोई बच्चा पहले दिन दवा नहीं पी सका है, तो अभियान के शेष दिनों में उसे अवश्य पोलियो की खुराक दिलाएं उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों, मितानिनों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही पोलियो मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है

स्वास्थ्य विभाग ने भी जिलेवासियों से अपील की है कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो रोधी दवा की खुराक से वंचित न रहे। अभियान के अंतर्गत घर-घर पहुंचकर भी बच्चों को दवा पिलाई जाएगी, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके और जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने की दिशा में मजबूत कदम उठाया जा सके।