12 जोड़ों ने बैठकर पार्थिव शिवलिंग का विधि-विधान से किया पूजन, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना

 संजय देवांगन //धमतरी सावन माह के पावन तीसरे सोमवार के अवसर पर धमतरी स्थित प्रसिद्ध बिलाई माता मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान शिव की आराधना के लिए मंदिर परिसर में पार्थिव शिवलिंग पूजन का विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की

आयोजन में 12 जोड़ों ने एक साथ बैठकर पार्थिव शिवलिंग का विधिवत पूजन किया। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से पूजा-अर्चना की। मंत्रोच्चार और भगवान शिव के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा

सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। ऐसे में सावन के सोमवार को शिव आराधना का विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था और धार्मिक भावना के साथ श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधि-विधान से पूजा की और भगवान भोलेनाथ से परिवार में सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

पूजन के दौरान “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा। श्रद्धालुओं में पूजा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं और पुरुषों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजा में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर जय देवांगन भी बिलाई माता मंदिर पहुंचे और पार्थिव शिवलिंग पूजन में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने सावन के तीसरे सोमवार की सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सावन का यह पावन पर्व हमें भक्ति, श्रद्धा और सेवा की भावना से जोड़ता है। भगवान महादेव सभी के जीवन में सुख-शांति और खुशहाली प्रदान करें, यही कामना है।

पार्थिव शिवलिंग पूजन के समापन के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आरती की और प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। सावन के तीसरे सोमवार पर बिलाई माता मंदिर में आयोजित यह पार्थिव शिवलिंग पूजन श्रद्धा, आस्था और भक्ति का सुंदर संगम रहा