दुर्गेश साहू धमतरी। सुंदरगंज वार्ड में एक बैल से परेशान लोगों ने रविवार को ऐसा कदम उठाया कि मामला चर्चा में आ गया। कई दिनों से लोगों को दौड़ाने और घायल करने वाले बैल को वार्डवासी छोटा हाथी वाहन में लादकर सीधे थाने पहुंच गए। वहां उन्होंने बैल को थाने के सामने खड़ा कर पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग कर दी। मामला कुछ देर के लिए पुलिस के सामने भी असमंजस की स्थिति लेकर आया। इसके बाद थानेदार ने निगम को फोन कर मवेशी को तत्काल ले जाने के लिए कहा। निगम की टीम पहुंची और बैल को उचित स्थान ले गई। वार्डवासियों के मुताबिक, बैल कई दिनों से लोगों के लिए परेशानी बना हुआ था। निगम को लगातार सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी भी वार्डवासियों के साथ उसे पहले निगम कार्यालय लेकर पहुंचे। रविवार छुट्टी होने के कारण वहां संबंधित कर्मचारी नहीं मिले तो बैल को लेकर थाने पहुंच गए।
   शिकायत से परेशान हुए तो बैल ही लेकर पहुंच गए थाने
वार्डवासी ज्ञानचंद सिन्हा ने बताया कि बैल अब तक करीब चार-पांच लोगों को घायल कर चुका है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। लोगों का कहना है कि मवेशी रात-दिन सड़कों पर घूमते रहते हैं और इस बैल के डर से लोग उसके पास जाने तक से बच रहे हैं। गौतम वाधवानी ने बताया कि उन्होंने निगम के अधिकारियों और मवेशियों को देखने वाले कर्मचारियों को कई बार फोन कर बैल की जानकारी दी थी। उनके अनुसार, एक दिन पहले निगम की टीम ने बैल को पकड़कर बांधा था, लेकिन रात में उसे फिर छोड़ दिया गया। रविवार को बैल उनके घर में घुस गया और मंदिर तक पहुंच गया। उसने उनके पिता को दौड़ाया, जिससे वे गिर गए। उनकी पत्नी को भी चोट लगने की बात उन्होंने कही। वाधवानी ने कहा कि यह केवल उनके परिवार की समस्या नहीं है, बल्कि पूरे वार्ड के लोग इससे परेशान हैं। उन्होंने कहा कि समय रहते मवेशियों को सड़कों से नहीं हटाया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। उनका आरोप है कि शहर में आवारा मवेशियों की धरपकड़ के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं है। मामला थाने पहुंचने के बाद निगम की टीम ने बैल को अपने कब्जे में लेकर गौठान पहुंचाया। घटना का सबसे दिलचस्प पहलू यही रहा कि जिस मवेशी को पकड़ने के लिए लोग कई दिनों से निगम का दरवाजा खटखटा रहे थे, आखिरकार उसी बैल को लेकर उन्हें थाने पहुंचना पड़ा।
नगर निगम उप आयुक्त प्रवीण सर्वा ने बताया कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि पकड़े गए पशु को उचित स्थान पर ले जाया गया है और पशु मालिकों से अपील की है कि अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें, जिससे आम लोगों को परेशानी न हो।