दुर्गेश साहू धमतरी। कांग्रेस के प्रदर्शन में वैसे तो नेता-कार्यकर्ताओं की अच्छी खासी भीड़ थी। हाथों में तख्तियां थीं, जुबां पर नारे थे और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जा रहा था। लेकिन इस भीड़ में एक चेहरा ऐसा भी था, जिस पर नजर पड़ते ही लोगों का ध्यान कुछ देर के लिए ठहर गया। वजह थी उनका अंदाज। पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग कांग्रेस लेखराम साहू प्रदर्शन में पूरे ब्लैक लुक में नजर आए। सिर पर काला गमछा, माथे पर काला टीका, काला कुर्ता और काला पायजामा। यानी ऊपर से नीचे तक पूरा ब्लैक अवतार। प्रदर्शन के माहौल में उनका यह पहनावा बाकी नेताओं से उन्हें अलग कर रहा था। लेखराम साहू सिर्फ अलग पहनावे में ही नजर नहीं आए, बल्कि प्रदर्शन में सक्रिय भी रहे। हाथ में ज्ञानेश कुमार हटाओ, चुनाव आयोग बचाओ लिखी तख्ती लेकर वे कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर नजर आए। नारेबाजी के दौरान हाथ उठाकर विरोध जताया और माइक संभालकर अपनी बात भी रखी। खास बात यह रही कि जहां प्रदर्शन में ज्यादातर नेता अपने पारंपरिक राजनीतिक पहनावे में नजर आए, वहीं लेखराम साहू ने काले रंग को ही अपने पूरे लुक का हिस्सा बना लिया। काला गमछा और माथे का काला टीका उनके इस अंदाज को और अलग बना रहा था। प्रदर्शन की भीड़ में जब नारे गूंज रहे थे, उसी दौरान लेखराम साहू का अलग पहनावा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
जनपद कार्यायल के पास मंच से लेकर सड़क तक उनकी मौजूदगी इस बार भाषण और नारों के साथ-साथ पहनावे को लेकर भी सुर्खियों में रही। तस्वीरों में भी उनका यह अंदाज साफ दिखाई दिया। कहीं वे माइक हाथ में लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते नजर आए तो कहीं हाथ उठाकर नारे लगाते। ऐसे में प्रदर्शन के राजनीतिक मुद्दे के बीच उनका ऑल ब्लैक लुक कार्यक्रम का एक अलग आकर्षण बन गया। कांग्रेस के प्रदर्शन का मुद्दा चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर केंद्रित था। इसी बीच लेखराम साहू का पूरा काला पहनावा प्रदर्शन में अलग ही दृश्य बना रहा। कहने को प्रदर्शन सियासी था, लेकिन इस बार धमतरी में चर्चा का एक रंग काला भी रहा।



0 Comments