दुर्गेश साहू धमतरी। पुलिस विभाग में तबादला आदेश जारी होने के बाद भी कई पुलिसकर्मियों की अब तक रवानगी नहीं होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडे ने कुछ दिन पहले तबादला सूची जारी की थी। इसके बावजूद संबंधित कर्मचारी पुराने स्थानों में ही पदस्थ बताए जा रहे हैं। तबादला आदेश के बाद पुलिसकर्मियों से नए स्थान पर आमद देने की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन रिलीविंग में देरी से विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, देरी के पीछे प्रशासनिक कारण हैं या अन्य कोई वजह, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इधर, ट्रैफिक विभाग में लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कुछ पुलिसकर्मियों को लेकर भी समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। चर्चा है कि इस दौरान कई पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और ट्रैफिक प्रभारी बदल चुके हैं, लेकिन कुछ कर्मचारी अब भी उसी स्थान पर बने हुए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि तबादला आदेश जारी होने के बाद भी रिलीविंग में देरी क्यों हो रही है। क्या इसके पीछे कोई प्रशासनिक प्रक्रिया है या आदेश के पालन में लापरवाही बरती जा रही है? अब विभाग की ओर से इस संबंध में क्या स्थिति स्पष्ट की जाती है और संबंधित पुलिसकर्मियों को नए स्थान पर कब तक रवाना किया जाता है, इस पर नजर रहेगी।
0 Comments