दुर्गेश साहू धमतरी। शहर में इन दिनों नगर निगम से जुड़े आयोजनों और विज्ञापनों के पोस्टरों में जनप्रतिनिधियों की तस्वीरों का होना और गायब होना चर्चा का विषय बना हुआ है। खास बात यह है कि अलग-अलग पोस्टरों में अलग-अलग जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें नजर नहीं आ रही हैं। इसे लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि तस्वीरें किस कारण से छोड़ी गईं, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। मामला 15 अगस्त के दौरान लगाए गए एक विज्ञापन से चर्चा में आया था। निगम से जुड़े विज्ञापन में लगभग सभी पार्षदों और एमआईसी सदस्यों की तस्वीरें थीं, लेकिन महापौर रामू रोहरा की तस्वीर नहीं थी। विज्ञापन ठेकेदार की ओर से लगाया गया था और राशि भी निजी होने की बात सामने आई थी। ऐसे में तस्वीर का नहीं होना ठेकेदार का व्यक्तिगत निर्णय माना जा सकता है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चा जरूर हुई।
अब निगम के एक पार्षद के जन्मदिन पर लगाए गए विज्ञापन में तस्वीरों का समीकरण फिर बदल गया। इस बार महापौर की तस्वीर तो दिखाई दे रही है, लेकिन निगम सभापति (स्पीकर) और पूर्व एमआईसी सदस्य की तस्वीर गायब है। लगातार सामने आ रहे इन अलग-अलग पोस्टरों ने एक सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि आखिर तस्वीरें चयनित तरीके से क्यों लगाई जा रही हैं?
इसी बीच शहर में दही-हांडी आयोजन को लेकर लगाए गए पोस्टर ने चर्चा को और हवा दे दी है। मकई चौक के पास लगे पोस्टर में विधायक ओंकार साहू और पूर्व विधायक रंजना साहू की तस्वीर दिखाई दे रही है, लेकिन नगर निगम महापौर रामू रोहरा की तस्वीर नहीं है। जबकि दही-हांडी आयोजन को लेकर हाल ही में निगम और हिंदू संगठनों के बीच सहमति बनी है और संयुक्त रूप से आयोजन की बात सामने आई है।
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या ये महज पोस्टर लगाने वालों की पसंद और व्यक्तिगत निर्णय हैं, या इनके पीछे निगम की अंदरूनी सियासत भी कोई भूमिका निभा रही है? ठेकेदार अपनी निजी राशि से विज्ञापन जारी कर रहे हैं, इसलिए तस्वीरों का चयन उनका व्यक्तिगत अधिकार हो सकता है। लेकिन जब एक के बाद एक पोस्टरों में प्रमुख जनप्रतिनिधियों की तस्वीरें अलग-अलग तरीके से गायब होती हैं, तो राजनीतिक चर्चाएं होना स्वाभाविक है। फिलहाल तस्वीरें क्यों छोड़ी गईं, इसका कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। लेकिन पोस्टरों की बदलती तस्वीरें शहर में यह सवाल जरूर छोड़ रही हैं कि कहीं निगम की सियासत पोस्टरों के जरिए तो नहीं दिख रही?
0 Comments