दुर्गेश साहू धमतरी। मंचों से जनप्रतिनिधि और अधिकारी जनता को लोकतंत्र का मालिक बताते हैं, लेकिन सरकारी दफ्तरों में इसी जनता के लिए सुविधाओं की तस्वीर कुछ और नजर आती है। अपनी शिकायत लेकर पहुंचने वाले नागरिकों के इंतजार के लिए रखे सोफे की हालत ऐसी है कि उस पर बैठना भी मुश्किल हो गया है। सोफे का कपड़ा जगह-जगह से फट चुका है। अंदर का स्पंज बाहर निकल आया है और बैठने की जगह धंस गई है। कई हिस्सों में लकड़ी का ढांचा भी उभर आया है। ऐसे में अपनी बारी का इंतजार करने वाले बुजुर्गों और फरियादियों को सहूलियत के बजाय परेशानी झेलनी पड़ती है। सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों के चेंबर और दूसरी सुविधाओं के रखरखाव पर ध्यान दिया जाता है, लेकिन आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था की यह हालत सवाल खड़े करती है।
दूर-दराज से शिकायत लेकर आने वाले लोगों को कई बार लंबा इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में उनके लिए साफ-सुथरी और सुरक्षित बैठक व्यवस्था बुनियादी जरूरत है, कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं। जनता को लोकतंत्र का मालिक कहना और उसे सम्मानजनक सुविधा देना दोनों अलग बातें नहीं होनी चाहिए। सवाल यह है कि जिस व्यवस्था में आम नागरिक अपनी फरियाद लेकर आता है, वहां उसके बैठने के लिए एक ठीक सोफा तक दुरुस्त क्यों नहीं है? क्या संबंधित अधिकारियों की नजर इस बदहाली पर नहीं पड़ी, या इसे ठीक करना जरूरी नहीं समझा गया? जनता के सम्मान की शुरुआत बड़े भाषणों से नहीं, ऐसी छोटी लेकिन जरूरी सुविधाओं से होती है। अब जरूरत इस फटे सोफे को बदलने के साथ-साथ उस सोच को दुरुस्त करने की भी है, जिसमें सरकारी दफ्तरों में आने वाले नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
0 Comments