दुर्गेश साहू धमतरी। शारदीय नवरात्रि पर हरदिया साहू समाज भवन में आयोजित आराध्या गरबा महोत्सव के पांचवें वर्ष में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार, गरबा के लिए करीब 4,800 तक पंजीयन हुए हैं। बढ़ती संख्या को देखते हुए आयोजन स्थल का दायरा बढ़ाया गया है। निःशुल्क पास बनाने का काउंटर शनिवार दोपहर बाद बंद कर दिया गया। आयोजक पं. राजेश शर्मा ने कहा कि गरबा में भीड़ की गिनती से ज्यादा महत्व माता के प्रति श्रद्धा, भक्ति और साधना का है। उन्होंने कहा, विश्वास है कि भीड़ रहेगी। जितने लोगों को माता की भक्ति करनी है, वे आएंगे। पहले आयोजन स्थल की क्षमता के हिसाब से पास जारी किए गए थे, लेकिन पंजीयन बढ़ने पर ग्राउंड का दायरा बढ़ाना पड़ा। माता का आशीर्वाद रहेगा तो पूरा धमतरी गरबा खेलने पहुंचेगा। बाकी माता की इच्छा पर है।
गरबा के साथ सुआ नृत्य को भी मिलेगा मंच
गरबा आयोजनों के बीच छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोककला सुआ नृत्य को भी मंच देने की जरूरत पर चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि बड़े आयोजनों के साथ स्थानीय लोकपरंपराओं को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयास होने चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहे। इस पर पं. राजेश शर्मा ने कहा कि वैदिक सनातन परंपरा में माता की भक्ति के कई रूप हैं और जसगीत भी इसका हिस्सा है। उन्होंने बताया कि पहले रामलीला मैदान में जसगीत और जगराता जैसे आयोजन कराए गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। शर्मा के अनुसार, अगले साल से सुआ नृत्य का विशेष आयोजन कराने की तैयारी है।
0 Comments