दुर्गेश साहू धमतरी। आयुष्मान कार्ड से इलाज के बावजूद मरीज से कथित तौर पर 60 हजार रुपये लेने का मामला अब राजनीतिक स्तर पर भी उठने लगा है। सिविल लाइन स्थित शिवनंदा हॉस्पिटल के खिलाफ शिकायत करने वाले हरिश्चंद्र देवांगन ने आरोप लगाया है कि अस्पताल ने उनके आयुष्मान कार्ड से करीब 65 हजार रुपये का क्लेम किया, जबकि इलाज के दौरान उनसे अलग से रकम ली गई। मामले में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने कार्रवाई की मांग की है, वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुणी चंद्राकर ने उचित कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। देवांगन के मुताबिक, घर की पहली मंजिल से गिरने के कारण उनकी कमर और कूल्हे की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद वे अस्पताल में भर्ती हुए, जहां उनका ऑपरेशन हुआ और करीब आठ दिन तक इलाज चला। उनका दावा है कि ऑपरेशन, दवाइयों और जांचों के नाम पर उनसे करीब 60 हजार रुपये लिए गए। उन्होंने कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों से शिकायत कर मामले की जांच कराने की मांग की है।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने कहा कि आयुष्मान कार्ड से इलाज के बावजूद मरीज से अलग से नकद राशि ली गई है, तो यह गलत है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुणी चंद्राकर ने कहा कि निजी अस्पतालों से जुड़ी शिकायतों को प्रशासन को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस जनता के हित में विरोध प्रदर्शन करेगी।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम भेजी जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि इस मामले में अस्पताल संचालक से भी पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने बयान देने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि शिकायत के संबंध में अपनी रिपोर्ट सीएमएचओ कार्यालय में जमा कर दी है।
0 Comments