संजय देवांगन// धमतरी  के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बालोद जिले के बोहारा गांव से लगभग 40 लोगों को लेकर गंगरेल स्थित मां अंगारमोती मंदिर दर्शन के लिए आया छोटा हाथी वाहन वापस सियादेही लौटते समय अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में बच्चों और बड़ों सहित करीब 25 से 30 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है

अचानक अनियंत्रित होकर पलटा वाहन

जानकारी के अनुसार बोहारा गांव से श्रद्धालुओं का दल छोटा हाथी वाहन में सवार होकर गंगरेल पहुंचा था। मां अंगारमोती के दर्शन करने के बाद सभी लोग वापस सियादेही की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद शुरू कर दी

सूचना मिलते ही पहुंची 112 और एंबुलेंस टीम

घटना की जानकारी मिलते ही रुद्री 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन एवं वरदान परमार्थ सेवा समिति से जुड़े शिवा प्रधान भी तत्काल राहत कार्य में जुट गए शिवा प्रधान अपनी दो एंबुलेंस तथा ऋतुराज फाउंडेशन की वेंटिलेटर एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पहुंचे

टीम ने घायलों को तत्काल वाहनों में बैठाकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उपलब्ध एंबुलेंस सेवाओं का उपयोग किया गया

प्रेम साहू और हेमंत प्रधान ने भी संभाला मोर्चा

राहत एवं बचाव कार्य के दौरान प्रेम साहू और हेमंत प्रधान भी मौके पर पहुंचे और घायलों की सहायता में जुट गए हादसे की स्थिति में मौजूद लोगों ने मिलकर घायलों को वाहन से बाहर निकालने और उन्हें उपचार के लिए भेजने में सहयोग किया

ग्रामीणों और ITI विद्यार्थियों ने भी की मदद

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और आईटीआई कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी मानवता का परिचय देते हुए घायलों की मदद की। कुछ घायलों को तत्काल नजदीकी उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, ताकि उन्हें प्राथमिक उपचार मिल सके

त्वरित मदद से घायलों को मिला समय पर उपचार

सड़क हादसे के बाद 112 पुलिस, एंबुलेंस टीम, सामाजिक संगठनों, ग्रामीणों और विद्यार्थियों की तत्परता से घायलों को जल्द से जल्द उपचार के लिए भेजने में मदद मिली। ऐसे समय में समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होना और स्थानीय लोगों का सहयोग घायलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है