दुर्गेश साहू धमतरी। दीपावली के दौरान जुए में बड़ी रकम दांव पर लगने की चर्चाओं के बीच धमतरी पुलिस ने पांच अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। बिरेझर, भखारा और सिहावा थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 10 हजार 570 रुपए नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं। पांच स्थानों पर 21 लोगों की गिरफ्तारी के बाद भी इतनी कम रकम की जब्ती पुलिस की कार्रवाई के स्तर और उसके दायरे पर सवाल खड़े करती है। पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर ग्राम चरोद, उमरगांव, बिरगुड़ी, देवरी और भेलवाकूद्रा में दबिश दी गई। यहां सार्वजनिक स्थानों पर काट-पत्ती से जुआ खेले जाने की सूचना थी।
कार्रवाई में बिरेझर चौकी क्षेत्र के चरोद से 5,700 रुपए, सिहावा क्षेत्र के उमरगांव से 1,600 रुपए और बिरगुड़ी से 1,550 रुपए जब्त किए गए। वहीं भखारा क्षेत्र के देवरी से 850 रुपए और भेलवाकूद्रा से 870 रुपए मिले। पुलिस ने पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है।
21 गिरफ्तारियां, लेकिन बड़े जुआ फड़ों तक पुलिस की पहुंच कहां?
पांच ठिकानों पर कार्रवाई और 21 गिरफ्तारियों के बाद कुल जब्ती 10,570 रुपए होना अपने आप में पड़ताल का विषय है। क्या जिले में जुए का कारोबार इतने छोटे दांव तक ही सीमित है या बड़े दांव लगाने वाले और फड़ संचालित कराने वाले लोग अब भी कार्रवाई से बाहर हैं? दीपावली के दौरान बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की चर्चाओं के बीच पुलिस की कार्रवाई में बड़े आयोजकों और नियमित फड़ संचालकों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। पुलिस की विज्ञप्ति में मौके पर पकड़े गए लोगों और नकदी की जब्ती का विवरण है, लेकिन जुआ फड़ चलाने वालों की पहचान या उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई का उल्लेख नहीं है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही गई है। पुलिस ने नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। अब देखना होगा कि यह अभियान केवल मौके पर जुआ खेलते मिले लोगों की गिरफ्तारी तक रहता है या इसके जरिए बड़े फड़ों और उनके संचालकों तक भी कार्रवाई पहुंचती है।
0 Comments