मोबाइल टावर को लेकर वार्ड में हंगामा महापौर ने मौके पर रुकवाया काम...
October 08, 2025
दुर्गेश साहू धमतरी। नगर निगम क्षेत्र के जालमपुर वार्ड में बुधवार की शाम मोबाइल टावर लगाने को लेकर हंगामा मच गया। वार्डवासी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और टावर निर्माण का विरोध करते हुए काम रुकवाने की मांग की। लोगों का आरोप है कि टावर कंपनी बिना नगर निगम की अनुमति और वार्डवासियों की सहमति के निर्माण कार्य कर रही थी। सिहावा रोड स्थित जालमपुर इलाके में पिछले कुछ दिनों से टावर लगाने का काम चल रहा था। वार्डवासी पहले ही इस संबंध में नगर निगम को शिकायत दे चुके थे। यहां तक कि महापौर रामू रोहरा को भी विरोध का ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बावजूद जब कंपनी ने काम जारी रखा, तो नाराज़ वार्डवासी मौके पर जा पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। वार्डवासियों का कहना है कि वार्ड में पहले से ही दो मोबाइल टावर लगे हुए हैं। लगभग 100 मीटर की दूरी में मौजूद इन टावरों से रेडिएशन का खतरा बना रहता है। लोगों का आरोप है कि पहले लगाए गए टावर भी नियमों के खिलाफ हैं। अब तीसरा टावर लगने से स्थिति और गंभीर हो सकती है। वार्डवासियों ने सवाल उठाया आखिर बिना नगर निगम की अनुमति और वार्डवासियों की सहमति के टावर का काम शुरू कैसे हुआ? क्या नियमों की अनदेखी की जा रही है, या फिर किसी स्तर पर मिलीभगत से यह निर्माण कराया जा रहा था? विरोध की जानकारी मिलते ही नगर निगम के महापौर रामू रोहरा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायज़ा लिया और टावर कंपनी को तत्काल काम रोकने के निर्देश दिए।
महापौर ने स्पष्ट कहा कि नगर निगम से इस टावर के लिए कोई अनुमति जारी नहीं की गई थी। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति किसी भी कंपनी को नगर निगम क्षेत्र में काम करने की इजाज़त नहीं है। महापौर ने बताया कि वार्डवासियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस विषय पर पहले जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, फिर वार्डवासियों की राय लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा फिलहाल टावर निर्माण कार्य रोक दिया गया है। वार्डवासी राहत महसूस कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दोबारा काम शुरू हुआ, तो विरोध और भी ज़ोरदार होगा।
0 Comments