धमतरी। छत्तीसगढ़ सरकार के संकल्प बजट में धमतरी विधानसभा क्षेत्र को सड़क, पुल और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। महापौर रामू रोहरा ने इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों को इस बार बजट में स्थान मिला है। बजट में धमतरी-पुरूर-गंगरेल मार्ग के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 11 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह मार्ग पर्यटन और ग्रामीण संपर्क की दृष्टि से अहम माना जाता है। स्वास्थ्य क्षेत्र में जिला चिकित्सालय धमतरी को 200 बिस्तरों में उन्नत करने के लिए 38 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे जिले सहित आसपास के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सकेगी। अछोटा पुल निर्माण के लिए 6.40 करोड़ रुपये, मड़वा पथरा–बड़पानी सड़क के लिए 4 करोड़ रुपये तथा साकरा–पीपरछेड़ी पुल के लिए 3 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। पीजी कॉलेज से एनएच-30 तक सड़क निर्माण हेतु 7 करोड़ रुपये और अटल परिसर संबलपुर से अर्जुनी चौक तथा कृषि उपज मंडी से श्याम तराई बायपास मार्ग के लिए 4.5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पुरूर-सोरम-भटगांव-गोकुलपुर मार्ग हेतु 8 करोड़ रुपये, अमलतास पुरम से कलेक्ट्रेट मार्ग के लिए 3.5 करोड़ रुपये, तरसीवां-पेपरछेड़ी मार्ग के लिए 2 करोड़ रुपये, सिविल कोर्ट से गोकुलपुर मार्ग के लिए 2 करोड़ रुपये तथा रुद्रेश्वर से साकरा एनएच मार्ग के लिए 9.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। आमदी से तरसीवा मार्ग के लिए 5 करोड़ रुपये और संबलपुर से रेलवे स्टेशन तक रेलवे यार्ड निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये का प्रावधान भी बजट में शामिल है।
महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से धमतरी में आवागमन, स्वास्थ्य और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि धमतरी को अधोसंरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे और बजट में शामिल ये कार्य जिले के विकास को नई दिशा देंगे।
0 Comments