धमतरी। प्रदेश सरकार के वित्त वर्ष 2026-27 के बजट को भाजपा जिला कोषाध्यक्ष चेतन हिन्दूजा ने विकासोन्मुख और जनहितकारी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट सुशासन से समृद्धि के मॉडल को मजबूत आधार देता है और प्रदेश में विकास की रफ्तार को और तेज करने वाला है। हिन्दूजा ने कहा कि बजट में धमतरी जिले को भी महत्वपूर्ण सौगात मिली है। 200 बिस्तरों वाले नए जिला अस्पताल भवन के निर्माण और गंगरेल से पुरुर मार्ग के लिए राशि का प्रावधान जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा और आवागमन भी सुलभ बनेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद रूप कुमारी चौधरी, पूर्व मंत्री व विधायक अजय चंद्राकर तथा पूर्व विधायक रंजना साहू के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके प्रयासों से धमतरी को लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति मिल रही है। हिन्दूजा के अनुसार, पिछले दो वर्षों में जिले ने विकास की नई गति पकड़ी है और यह बजट उस रफ्तार को और मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि बजट में बुनियादी ढांचे, रोजगार, कृषि, सामाजिक सुरक्षा और मानव संसाधन विकास पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और आदिवासी समाज के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देकर सरकार ने विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में स्पष्ट रोडमैप पेश किया है। उनके मुताबिक यह बजट प्रदेश को आत्मनिर्भरता और आर्थिक प्रगति की ओर ले जाने वाला साबित होगा।
0 Comments