धमतरी। नगर निगम में ठेके और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली को लेकर इन दिनों शहर में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। खासकर एक ऐसे ठेकेदार को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जिसे लेकर लोगों के बीच यह धारणा बनती जा रही है कि उसकी हर गलती नजरअंदाज कर दी जाती है और कार्रवाई की बातें अक्सर फाइलों तक ही सीमित रह जाती हैं। स्थानीय लोगों और निगम से जुड़े सूत्रों के बीच यह चर्चा आम है कि उक्त ठेकेदार को नगर निगम के अधिकांश काम मिलते रहे हैं। शहर में समय-समय पर निर्माण और पाइप लाइन से जुड़ी लापरवाहियां सामने आती रही हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाती। यही कारण है कि अब लोग सीधे तौर पर जवाबदेही की मांग करने लगे हैं। कुछ समय पहले जिले में जल संरक्षण को लेकर बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पानी बचाने और बूंद-बूंद की अहमियत समझाने का संदेश दूर तक गया था। कुछ समय बाद रत्नाबांधा क्षेत्र के पास पाइप लाइन से सैकड़ों लीटर पानी बह जाने की घटना सामने आई। उस समय संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई की बात जरूर कही गई, लेकिन आज तक स्पष्ट नहीं हो पाया कि वास्तव में उस पर क्या कदम उठाए गए।
इसके बाद भी पाइप लाइन फूटने और लीकेज की घटनाएं सामने आती रहीं। लोगों का कहना है कि कई जगहों पर पाइप लाइन बिछाने के बाद बार-बार मरम्मत करनी पड़ रही है। इससे न केवल पानी की बर्बादी हो रही है, बल्कि शहर के कई हिस्सों में नियमित पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।
हाल ही में आमापारा क्षेत्र में वेस्ट पानी को पाइप लाइन के माध्यम से मकई तालाब तक पहुंचाने के लिए काम कराया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार इस कार्य में गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे, जिसके बाद ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर नए टेंडर के माध्यम से काम दोबारा शुरू किया गया। लेकिन इस प्रक्रिया के दौरान भी पाइप लाइन फूटने और लीकेज जैसी समस्याएं सामने आती रहीं, जिससे लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। शहरवासियों का कहना है कि सार्वजनिक पैसों से किए जा रहे कार्यों में बार-बार एक जैसी लापरवाही सामने आना गंभीर विषय है। लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि यदि गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो जिम्मेदारों पर स्पष्ट कार्रवाई क्यों नहीं होती और उसकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की जाती। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि नगर निगम प्रशासन इन मामलों को कितनी गंभीरता से लेता है। क्या संबंधित ठेकेदार के कामों की तकनीकी समीक्षा कर ठोस कार्रवाई की जाएगी, या फिर यह मामला भी चर्चा तक सीमित रह जाएगा यह आने वाला समय तय करेगा।
इस मामले को लेकर जल्द ही आपको बड़ी खबर पढ़ने को मिलेगी जुड़े रहे धमतरी दर्पण न्यूज के साथ
0 Comments