धमतरी। नगर निगम के कामकाज और एक साल की उपलब्धियों को लेकर शहर की राजनीति फिर गर्म हो गई है। विधायक ओंकार साहू और महापौर रामू रोहरा के बीच बयानबाज़ी ने नए सिरे से चर्चा छेड़ दी है। विधायक ओंकार साहू ने कहा है कि नगर निगम के एक वर्ष पूरे होने जा रहे हैं और जल्द ही वे अधिकारियों के साथ बैठक कर यह समीक्षा करेंगे कि इस दौरान क्या-क्या काम हुए, कितनी घोषणाएं की गईं और उनमें से कितनी जमीन पर उतरीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम के कार्यों का वास्तविक आकलन जरूरी है, ताकि जनता को यह पता चल सके कि विकास के नाम पर क्या प्रगति हुई। वहीं विधायक के इस बयान पर महापौर रामू रोहरा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विधायक का काम सिर्फ श्रेय लेना और समीक्षा करना रह गया है, जमीनी स्तर पर काम से उनका कोई लेना-देना नहीं है। महापौर ने दावा किया कि निगम अपने स्तर पर लगातार विकास कार्य कर रहा है और आने वाले समय में इसके परिणाम भी दिखाई देंगे।

ज्ञात हो कि महापौर रामू रोहरा ने रविवार को अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में शहर के कुछ वार्डों के लिए विकास कार्यों की स्वीकृति भी जारी की थी। दोनों जनप्रतिनिधियों के ताजा बयानों के बाद शहर में निगम के कामकाज और वास्तविक विकास को लेकर बहस तेज हो गई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि प्रस्तावित समीक्षा के बाद क्या नई स्थिति सामने आती है और निगम की उपलब्धियों पर क्या ठोस तथ्य सामने रखे जाते हैं।

और जानकारी के लिए सुबह अमृत संदेश अखबार जरूर पढ़ें