सुभाषनगर की कटा तालाब पानी टंकी बनी चिंता का विषय, कुछ दिन पहले युवती की मौत – अब युवक चढ़ा टंकी पर 

संजय देवांगन धमतरी। शहर के सुभाषनगर स्थित कटातालाब पानी टंकी एक बार फिर चर्चा और चिंता का विषय बन गई है। शुक्रवार को एक युवक अचानक पानी टंकी पर चढ़ गया और कूदकर अपनी जान देने की कोशिश करने लगा। युवक को टंकी के ऊपर चढ़ा देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई बताया जा रहा है कि युवक काफी देर तक टंकी के ऊपर बैठा रहा और नीचे खड़े लोग उसे समझाते रहे। स्थानीय लोगों और आसपास मौजूद युवकों ने काफी समझाइश और प्रयास के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। इस दौरान पूरे इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा गौरतलब है कि करीब 5–6 दिन पहले इसी काटातालाब पानी टंकी से एक युवती ने छलांग लगाकर अपनी जान दे दी थी, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था। उस दर्दनाक घटना के बाद से ही यह पानी टंकी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी यदि यहां पर्याप्त सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम नहीं किए जाते हैं तो भविष्य में भी इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रह सकती है स्थानीय नागरिकों का मानना है कि काटातालाब की यह पानी टंकी अब युवाओं के लिए एक संवेदनशील स्थान बनती जा रही है। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि यहां मजबूत गेट, सुरक्षा घेरा और नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति आसानी से टंकी पर चढ़ न सके फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है और सभी यही उम्मीद कर रहे हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे किसी की जिंदगी इस तरह खतरे में न पड़े