धमतरी। होली पर्व को देखते हुए शहर में पानी की उपलब्धता को लेकर नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की है। महापौर रामू रोहरा ने बताया कि जल आपूर्ति को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की गई है, जिसमें यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि शहर में पानी की आपूर्ति सतत रूप से हो और लोगों को पर्याप्त समय तक पानी उपलब्ध कराया जाए। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है और इस अवसर पर पानी की आवश्यकता स्वाभाविक रूप से बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा पानी की आपूर्ति बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और लोग त्योहार को आनंदपूर्वक मना सकें। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि पानी का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही करें। पीने के पानी के साथ-साथ होली खेलने में जितनी जरूरत हो उतना ही पानी उपयोग करें और अनावश्यक रूप से पानी की बर्बादी न करें। महापौर ने कहा कि प्रशासन की ओर से व्यवस्था करना जिम्मेदारी है, लेकिन पानी के संरक्षण की जिम्मेदारी समाज और नागरिकों की भी है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से ज्यादा जरूरी है कि लोग स्वयं जागरूक बनें और पानी के महत्व को समझते हुए उसका सदुपयोग करें। महापौर रोहरा ने कहा कि यदि नागरिक जागरूक होकर पानी का सही उपयोग करेंगे तो शहर में जल प्रबंधन बेहतर रहेगा और सभी को पर्याप्त पानी मिल सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि धमतरी के नागरिक होली का त्योहार भाईचारे और जिम्मेदारी के साथ मनाते हुए पानी बचाने का संदेश भी देंगे।
0 Comments