धमतरी। जिले में अवैध शराब परोसने और उससे जुड़ी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जिले के लगभग सभी थाना क्षेत्रों के होटल, ढाबा, लॉज और बारों में आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। चेकिंग के दौरान संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, शराब परोसने या शराब सेवन के लिए सामग्री उपलब्ध कराने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

        होटल-ढाबों को लेकर पहले से चर्चा
स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा लंबे समय से बनी हुई है कि कई होटल-ढाबों में आसानी से शराब उपलब्ध हो जाती है। कुछ स्थानों पर बाहर की शराब परोसे जाने की बातें भी सामने आती रहती हैं। सूत्रों का कहना है कि कुछ जगहों पर खुले तौर पर शराब परोसी जाती है, जिसकी जानकारी संबंधित विभाग तक होने की चर्चा रहती है।

       हर बार अभियान, लेकिन असर कितना?
जिले में समय-समय पर ऐसे चेकिंग अभियान चलाए जाते हैं, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या यह सिर्फ औपचारिकता बनकर रह जाता है, क्योंकि कार्रवाई कम ही नजर आती है। लगातार शिकायतों के बावजूद अवैध रूप से शराब परोसने की बातें सामने आती रहती हैं, जिससे कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े होते हैं।

चेकिंग अभियान की सख्ती अपनी जगह है, लेकिन अब नजर इस बात पर है कि क्या इस बार वास्तव में कार्रवाई होगी या फिर यह अभियान भी सिर्फ कागजी बनकर रह जाएगा।