धमतरी। शहर में भक्त माता कर्मा की 1010वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर साहू समाज के तत्वावधान में भव्य रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा शामिल हुए। रैली एकलव्य खेल परिसर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कर्मा माता चौक पहुंची, जहां पूजा-अर्चना और आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम में कुरूद के पूर्व विधायक एवं पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय समन्वयक लेख राम साहू भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भक्त माता कर्मा का जीवन सेवा, भक्ति और समाज के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है। उनके आदर्श समाज को एकता, सद्भाव और परिश्रम के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
रैली के दौरान श्रद्धालुओं ने माता कर्मा के जयकारे लगाए और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम में धमतरी विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक रंजना साहू, साहू समाज के जिला अध्यक्ष गणेश साहू सहित जिलेभर से आए समाजजन उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियां भी हुईं, है
जिनमें समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भक्त माता कर्मा के जीवन और उनके आदर्शों को याद करते हुए समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।