धमतरी। कर्मा जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को जिला साहू संघ धमतरी के तत्वावधान में शहर में भव्य बाइक रैली निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में समाज के महिला, पुरुष और युवाओं की भागीदारी से निकली इस रैली ने पूरे शहर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना दिया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया गया, वहीं कई स्थानों पर शरबत, पेयजल और नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। बाइक रैली की शुरुआत शाम करीब 4:30 बजे एकलव्य खेल परिसर से हुई, जहां समाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। इसके बाद सभी ने मां विंध्यवासिनी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और माता का आशीर्वाद लिया। यहीं से रैली जय कर्मा माता के जयकारों के साथ शहर भ्रमण के लिए रवाना हुई।
रैली विंध्यवासिनी मंदिर से रामबाग, सदर बाजार, चमेली चौक, गोल बाजार, घड़ी चौक, अर्जुनी चौक, रत्नाबांधा चौक, अंबेडकर चौक, रुद्री रोड और लक्ष्मी निवास चौक होते हुए गोकुलपुर स्थित मां कर्मा मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में समाज के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लिया। कई युवक भगवा और सिंदूरी रंग के वस्त्र पहनकर, माथे पर तिलक लगाकर और गेरुआ पगड़ी बांधकर हाथों में ध्वज लिए जय कर्मा माता के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रैली के दौरान कई स्थानों पर आतिशबाजी की गई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसादी व मिठाइयों का वितरण भी किया गया।
इस दौरान नगर निगम महापौर रामू रोहरा भी बाइक रैली में शामिल हुए और समाजजनों के साथ जयकारे लगाते हुए रैली में सहभागिता की। उन्होंने कर्मा जयंती को समाज की आस्था और एकता का प्रतीक बताते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
गोकुलपुर स्थित मां कर्मा मंदिर पहुंचकर समाजजनों ने माता कर्मा की पूजा-आरती कर प्रसादी वितरण किया, जिसके साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर जिला साहू संघ के अध्यक्ष गणेशराम साहू, विपिन साहू, दुग्ध महासंघ के पूर्व अध्यक्ष व कुरूद के पूर्व विधायक लेखराम साहू, धमतरी की पूर्व विधायक रंजना दीपेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ प्रदेश संघ के पूर्व महामंत्री रामदयाल साहू, चितरंजन साहू, लक्ष्मीनारायण साहू, कुरूद जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी साहू, मगरलोड जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू, मनीषा साहू, श्यामा साहू, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र साहू, निर्मला साहू, सुभाष साहू, दुर्गा साहू, लीलाराम साहू, लकेश्वर साहू, गोपाल साहू, रामगोपाल साहू, सुभद्रा साहू, महासचिव विजय कुमार साहू, हरिशंकर साहू, कोषाध्यक्ष संतराम साहू, सचिव हिरेन्द्र साहू, कमलेशकांत साहू, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष अरुण साहू, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष जागृति साहू, व्यापारी प्रकोष्ठ संयोजक सीमांत साहू, कर्मचारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष गणेश प्रसाद साहू, धमतरी तहसील अध्यक्ष चंद्रभागा साहू, ग्रामीण अध्यक्ष चिरौंजी साहू, भखारा तहसील अध्यक्ष कामता साहू, नगरी तहसील अध्यक्ष कंवलराम साहू, कुरूद तहसील अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, रामकुमार साहू कोमल साहू, हरीश साहू, कृष्णा साहू सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
जिला साहू संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मा जयंती के अवसर पर जिले के विभिन्न ब्लॉक, तहसील और ग्रामीण क्षेत्रों में भी बाइक रैली सहित अनेक सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे समाज में एकता, उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।

0 Comments