तेज हवा में फटे बैनर-पोस्टर, राहगीरों के लिए बन सकते हैं दुर्घटना का कारण
धमतरी। शहर में इन दिनों खंभों पर लगे बैनर और पोस्टर तेज हवा के झोंकों के कारण फटकर लटकते हुए नजर आ रहे हैं। शहर के कई प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों में लगे बैनर आधे-अधूरे फटकर बिजली के खंभों और तारों में उलझे हुए हैं इस स्थिति से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है
जानकारी के अनुसार धमतरी शहर में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए बड़ी संख्या में बैनर और पोस्टर लगाए जाते हैं कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी इन बैनरों को लंबे समय तक नहीं हटाया जाता तेज हवा चलने के कारण कई बैनर फटकर नीचे लटक जाते हैं या हवा में उड़ते रहते हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को अचानक परेशानी का सामना करना पड़ता है कई जगहों पर फटे हुए बैनर सड़क की ओर झूलते दिखाई दे रहे हैं ऐसे में यदि अचानक तेज हवा चल जाए तो बैनर वाहन चालकों के सामने आ सकते हैं, जिससे उनका संतुलन बिगड़ सकता है और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है खासकर रात के समय यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है, क्योंकि कम रोशनी के कारण वाहन चालकों को ऐसे फटे बैनर समय पर दिखाई नहीं देते
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के मुख्य मार्गों, बस स्टैंड क्षेत्र, बाजार इलाकों और चौक-चौराहों में कई दिनों से फटे हुए बैनर खंभों पर लटक रहे हैं इससे न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि यह लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनते जा रहे हैं लोगों का यह भी कहना है कि संबंधित विभाग को समय-समय पर ऐसे बैनर और पोस्टरों को हटाने की कार्रवाई करनी चाहिए
नगर निगम और संबंधित विभाग द्वारा यदि नियमित रूप से निरीक्षण कर खंभों पर लगे पुराने और फटे बैनरों को हटाया जाए तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। साथ ही कार्यक्रम आयोजकों को भी यह जिम्मेदारी निभानी चाहिए कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अपने लगाए हुए बैनर और पोस्टर समय पर हटवा लें, ताकि शहर की व्यवस्था और सुंदरता बनी रहे

0 Comments