धमतरी। शहर में बिक रहे पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। बिसलेरी ब्रांड की पानी बोतलों में स्वाद में अंतर और डुप्लीकेट जैसा अनुभव होने की शिकायत के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नमूने संग्रहित किए हैं। खाद्य अधिकारी फनेश्वर पिथौड़ा ने बताया कि विभाग को फोन के माध्यम से सूचना मिली थी कि बाजार में उपलब्ध कुछ पानी बोतलों के स्वाद में सामान्य से भिन्नता महसूस की जा रही है। शिकायतकर्ता ने इसे डुप्लीकेट जैसी गुणवत्ता बताया। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम मौके पर पहुंची और कर्मा चौक स्थित एक दुकान से संबंधित बोतलों के विधिक नमूने लिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नमूनों को परीक्षण के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
यदि जांच में निर्धारित मानकों में कमी या गुणवत्ता में गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग के अनुसार, गर्मी के मौसम में पेय पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट और गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतों की संभावना भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। पिथौड़ा ने बताया कि हाल ही में नगरी क्षेत्र में एक बर्फ फैक्ट्री से आइस वाटर और बर्फ गोले के नमूने लिए गए थे। इसके अलावा शहर में भी अलग-अलग स्थानों पर पानी की फैक्ट्रियों और दुकानों से सैंपल संग्रह की कार्रवाई जारी है। विभाग ने साफ किया है कि पानी पाउच, जूस, गन्ना रस और अन्य पेय पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित पेय सामग्री उपलब्ध हो सके। अब नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जो तय करेगी कि यह मामला सिर्फ शंका है या गुणवत्ता में वास्तविक कमी।
0 Comments