धमतरी। दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर धमतरी में मंगलवार को विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। तहसील साहू संघ धमतरी ग्रामीण एवं जिला साहू संघ धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में हुए इन आयोजनों में सेवा, शिक्षा और जागरूकता का संदेश प्रमुख रूप से सामने आया। कार्यक्रम की शुरुआत वृद्धाश्रम रुद्री एवं जिला अस्पताल में फल वितरण से हुई। इसके बाद बासपारा स्थित साहू समाज भवन में जिला साहू संघ एवं जिला प्रशासन के सहयोग से निःशुल्क समर कैंप कोचिंग का शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करना है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। रैली के माध्यम से शहरवासियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। रैली के समापन पर रत्नाबांधा चौक में आम नागरिकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। साथ ही दानीटोला प्रक्षेत्र में भी फल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जरूरतमंदों को फल वितरित कर सेवा कार्य किया गया। इस अवसर पर विधायक ओंकार साहू ने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने साहू समाज द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
वहीं पूर्व विधायक लेखराम साहू ने भामाशाह के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका त्याग और राष्ट्रप्रेम आज भी समाज के लिए प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि भामाशाह ने संकट के समय अपनी संपूर्ण संपत्ति दान कर राष्ट्र रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जो सेवा और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। कार्यक्रम में जिला साहू समाज के अध्यक्ष गणेश राम साहू सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे। भामाशाह जयंती के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए समाज सेवा, शिक्षा और सड़क सुरक्षा को लेकर एक साथ मजबूत संदेश देने का प्रयास किया गया।