धमतरी पुलिस ने शहर की आकाशगंगा कॉलोनी में फरवरी माह में हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में मध्यप्रदेश के धार जिले के एक सक्रिय आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के अन्य तीन सदस्यों की तलाश जारी हैपुलिस के अनुसार 7 और 8 फरवरी 2026 की दरमियानी रात आकाशगंगा कॉलोनी फेज-1 और फेज-2 के चार सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों के जेवर और नगदी पार कर दी थी सभी वारदातों में आरोपियों ने बंद मकानों के ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया और आलमारी व कमरों की तलाशी लेकर सामान चोरी कर फरार हो गए थे घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर डंप और तकनीकी जांच के जरिए पुलिस को पता चला कि यही गिरोह कोरबा, अंबिकापुर और राजनांदगांव में भी इसी तरह की चोरियों को अंजाम दे चुका है। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य आपसी संपर्क के लिए मोबाइल कॉल के बजाय इंस्टाग्राम चैट का इस्तेमाल करते थे ताकि पुलिस की नजर से बच सकें धमतरी पुलिस ने विशेष टीम बनाकर मध्यप्रदेश के धार जिले में लगातार 9 दिनों तक निगरानी की और एक आरोपी दिनेश बवानिया (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल औजार और एक सोने की अंगूठी बरामद की गई है पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गिरोह चोरी के बाद सामान आपस में बांटकर अलग-अलग जगह बेच देता था। पुलिस का कहना है कि गिरोह के बाकी सदस्यों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में हुई बड़ी चोरी की घटनाओं के खुलासे के रूप में देखा जा रहा है, जिससे अन्य जिलों में हुई वारदातों के भी राज खुलने की संभावना बढ़ गई है