संजय देवांगन धमतरी। “गुम मोबाइल वापसी अभियान” के तहत धमतरी पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल करते हुए 151 गुम मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। पुलिस लाइन रूद्री स्थित पुलिस कंपोजिट बिल्डिंग में आयोजित विशेष कार्यक्रम में लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई हितग्राहियों ने तो वर्षों पहले अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद ही छोड़ दी थी, लेकिन धमतरी पुलिस की मेहनत ने उनकी उम्मीदों को फिर जिंदा कर दिया

कार्यक्रम में महापौर जगदीश रामू रोहरा मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर अविनाश मिश्रा विशेष रूप से मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत अब तक 670 से अधिक गुम मोबाइल लोगों को वापस लौटाए जा चुके हैं खास बात यह रही कि कई मोबाइल ओड़िशा और मध्यप्रदेश तक ट्रेस किए गए, जिन्हें साइबर टीम ने रिकवर कर वापस दिलाया

मोबाइल वापस मिलने पर हितग्राहियों की खुशी देखने लायक थी। ग्राम रावां निवासी सीताराम गजेन्द्र ने बताया कि कुर्रा बाजार में प्याज खरीदते समय उनका मोबाइल चोरी हो गया था। कई महीनों तक इंतजार करने के बाद उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन जब धमतरी पुलिस ने उनका मोबाइल वापस सौंपा तो वे भावुक हो उठे। वहीं रायपुर से आए कल्पेश ने भी मोबाइल वापस मिलने पर धमतरी पुलिस का आभार जताया

कार्यक्रम के दौरान एसपी सूरज सिंह परिहार ने सड़क दुर्घटना में दिवंगत प्रधान आरक्षक विजय बैरागी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मोबाइल आज हर व्यक्ति के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है और उसे वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि धमतरी पुलिस आमजन को राहत पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है

महापौर जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी पुलिस लगातार ऐसे कार्य कर रही है जिससे जनता का विश्वास मजबूत हो रहा है। वहीं कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने आधुनिक तकनीक और साइबर ट्रैकिंग के जरिए मोबाइल खोजने की कार्यवाही को जनहित में बड़ी पहल बताया

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में नागरिक और हितग्राही उपस्थित रहे