दुर्गेश साहू धमतरी। कहा जाता है कि भगवान सब देख रहे हैं, उनसे डरना चाहिए। लेकिन जब चोर भगवान के घर को ही निशाना बनाने लगें, तो हालात की गंभीरता खुद समझी जा सकती है। धमतरी जिले में लगातार दूसरे दिन मंदिर में चोरी की घटना ने लोगों की चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ा दी है। सोमवार को मरौद गांव स्थित शीतला मंदिर में चोरी की घटना के बाद अब मंगलवार को भखारा ग्राम के शीतला मंदिर में चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोर मंदिर से माता के चांदी के आभूषण और दानपेटी में रखी नगदी लेकर फरार हो गए। लगातार दो दिनों में दो मंदिरों में चोरी की वारदात ने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी और साइबर डीएसपी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी जांच के लिए पहुंचे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि एक के बाद एक मंदिरों को निशाना बनाया जाना चिंता की बात है। लोगों के मुताबिक पहले मरौद और अब भखारा के शीतला मंदिर में चोरी होना यह दिखाता है कि चोरों के हौसले कितने बुलंद हो चुके हैं। मरौद गांव में हुई चोरी में भी चोर मंदिर से सोने-चांदी के आभूषण और दानपेटी की रकम लेकर फरार हुए थे। उस घटना का खुलासा भी नहीं हो पाया था कि दूसरे दिन फिर एक और मंदिर में चोरी हो गई। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ने लगी है। लोगों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
0 Comments