‘आदिवासी नहीं, वनवासी’ टिप्पणी पर भड़का आक्रोश, धमतरी में आदिवासी कांग्रेस ने फूंका अमित शाह का पुतला
संजय देवांगन //धमतरी। केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah द्वारा दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज को “वनवासी” कहे जाने की टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को धमतरी में आदिवासी कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला आदिवासी कांग्रेस के बैनर तले गांधी मैदान में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के लोग एकत्रित हुए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अमित शाह का पुतला दहन किया
आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज साक्षी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज केवल जंगलों में निवास करने वाला समुदाय नहीं है, बल्कि वह इस देश की मूल सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और प्राकृतिक संसाधनों का वास्तविक संरक्षक है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान, सम्मान और संवैधानिक अधिकारों को किसी भी रूप में कमतर आंकने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार आदिवासी समाज की अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय को “वनवासी” कहकर संबोधित करना उनकी ऐतिहासिक पहचान और गौरव को चुनौती देने जैसा है। आदिवासी समाज की पहचान को लेकर किसी भी प्रकार की टिप्पणी पूरे समुदाय की भावनाओं को आहत करती है
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से आदिवासी समाज की भावनाओं का सम्मान करने और इस तरह की टिप्पणियों से बचने की मांग की। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध दर्ज कराया और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया
इस अवसर पर लक्ष्मी ध्रुव, विजय देवांगन, मोहन लालवानी, आनंद पवार, राजा देवांगन, खिलेंद्र ठाकुर, गौतम वाधवानी, योगेश शर्मा, विजेंद्र रामटेके, विक्रांत शर्मा, शास्त्री सोनवानी, तरुण राय, श्रीकांत तिवारी, नमन बंजारे, अरविंद यादव, गौरव दास, पारसमणि साहू, उमेश साहू, धर्मेंद्र पटेल, संजू साहू, गीतराम सिन्हा, योगेश मरकाम, प्रवीण साहू, यश चंद्राकर, फैजान रजा, विप्लव रणसिंघ सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहे


0 Comments