संजय देवांगन // धमतरी अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जिले में चल रहे अभियान के तहत भखारा पुलिस ने एक साथ कई जगहों पर दबिश देकर बड़ा एक्शन लिया ग्राम कोसमर्रा, कोपेडीह और कोलियारी मोड़ में हुई इस संयुक्त कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने जहां दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, वहीं बड़ी मात्रा में शराब और निर्माण सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में भखारा थाना पुलिस ने अलग-अलग टीम बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। मुखबिर सूचना और लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर चिन्हित स्थानों पर एक साथ रेड की गई
📍 कोसमर्रा में युवक गिरफ्तार, शराब बरामद
नया तालाब क्षेत्र में दबिश के दौरान पुलिस ने 19 वर्षीय लेखराम पारधी को पकड़ा। उसके पास से 29 पौवा देशी शराब (5.220 लीटर) और 750 रुपये नगद बरामद हुए। आरोपी की निशानदेही पर छिपाकर रखी गई अतिरिक्त शराब भी जब्त की गई। कुल 3,070 रुपये की जप्ती के साथ आरोपी को आबकारी एक्ट के तहत जेल भेजा गया।
📍 कोपेडीह में बड़ा प्रहार, 180 बोरी लाहान नष्ट
ग्राम कोपेडीह में पुलिस ने अवैध कच्ची महुआ शराब के अड्डों पर बड़ी कार्रवाई की। खेत-खलिहान और नहर किनारे चल रहे ठिकानों को चिन्हित कर भट्ठियों को तोड़ दिया गया। इस दौरान करीब 170-180 बोरी महुआ लाहान और उपकरणों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कोई भी व्यक्ति सामग्री पर दावा नहीं कर पाया।
📍 कोलियारी मोड़ पर बाइक से शराब तस्करी पकड़ाई
कोलियारी मोड़ पर घेराबंदी कर पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी में 35 पौवा देशी शराब (6.300 लीटर) बरामद हुई। आरोपी तुलसी राम साहू (54 वर्ष) के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने शराब, बाइक और कुल 17,800 रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी को जेल भेज दिया
🚨 पुलिस का सख्त संदेश
धमतरी पुलिस ने साफ कर दिया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे कारोबारियों के नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों पर भी नजर रखी जा रही है
भखारा पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने यह संकेत दे दिया है कि जिले में अब अवैध शराब कारोबारियों के लिए कोई जगह नहीं बची है। लगातार हो रही रेड से माफियाओं में डर का माहौल है

0 Comments