दुर्गेश साहू धमतरी। जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में धमतरी का भविष्य दिखाया गया है। कहीं आधुनिक अस्पताल नजर आ रहा है, कहीं भव्य बस टर्मिनल, कहीं चौड़ी और व्यवस्थित सड़कें, तो कहीं अत्याधुनिक पुस्तकालय और व्यावसायिक परिसर। वीडियो के साथ यह संदेश भी दिया जा रहा है कि ये परियोजनाएं अगले दो वर्षों में पूरी हो जाएंगी। वीडियो देखने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई है। कई लोग इसे धमतरी के विकास का नया विजन बता रहे हैं, तो कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या वास्तव में दो साल बाद धमतरी की तस्वीर इतनी बदल जाएगी, जितनी वीडियो में दिखाई जा रही है? धमतरी जिला बने करीब 28 वर्ष हो चुके हैं। इस दौरान अनेक योजनाएं आईं और कई विकास कार्य भी हुए, लेकिन आज भी शहर और जिले की कई मूलभूत समस्याएं पूरी तरह खत्म नहीं हो पाई हैं। ऐसे में चमकदार भविष्य के दावों के बीच लोग वर्तमान की तस्वीर भी देखने की बात कर रहे हैं। वायरल वीडियो में चौड़ी और साफ-सुथरी सड़कें दिखाई गई हैं, लेकिन शहर के कई हिस्सों में सड़कें आज भी गड्ढों से भरी हुई हैं। जगह-जगह उखड़ी सड़कें और खराब मार्ग लोगों की परेशानी का कारण बने हुए हैं। कई वार्डों में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से प्लास्टिक और कचरे का जमाव दिखाई देता है। शहर के बीचोंबीच स्थित सदर बाजार क्षेत्र में आए दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। सड़क चौड़ीकरण की मांग वर्षों से उठ रही है, लेकिन समाधान अब तक अधूरा है। दूसरी ओर कुछ स्थानों पर बनाए गए वाटर एटीएम भी अपेक्षित उपयोग में नहीं आ सके और कई जगह केवल ढांचा बनकर खड़े हैं। वीडियो में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की तस्वीर दिखाई गई है। लेकिन समय-समय पर जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर सवाल उठते रहे हैं। लोगों का कहना है कि नई इमारतें और बड़े प्रोजेक्ट स्वागत योग्य हैं, लेकिन मौजूदा व्यवस्थाओं को मजबूत करना भी उतना ही जरूरी है।
     
     सपनों पर नहीं, समयसीमा पर टिकी है नजर
लोगों का मानना है कि विकास कार्यों की घोषणा और भविष्य की परिकल्पना अच्छी बात है। हर नागरिक चाहता है कि उसका शहर आगे बढ़े और आधुनिक सुविधाओं से लैस हो। लेकिन जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि तय समय सीमा में जमीन पर परिणाम भी देखना चाहती है। क्योंकि धमतरी ने पहले भी कई योजनाओं और घोषणाओं के सपने देखे हैं। ऐसे में वायरल वीडियो ने उम्मीदें तो जगाई हैं, लेकिन साथ ही एक बड़ा सवाल भी खड़ा कर दिया है कि क्या आने वाले दो वर्षों में वास्तव में धमतरी की तस्वीर बदलेगी या फिर यह वीडियो भी सिर्फ एक आकर्षक प्रस्तुति बनकर रह जाएगा? विकास के सपने दिखाना आसान है, लेकिन उन सपनों को जमीन पर उतारना ही असली परीक्षा है। आज जब शहर की सड़कें, नालियां, यातायात व्यवस्था, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों की चिंता बनी हुई हैं, तब जनता यही जानना चाहती है कि भविष्य का धमतरी बनाने से पहले वर्तमान के धमतरी की समस्याओं का समाधान कब होगा? यही सवाल अब सोशल मीडिया से निकलकर आम लोगों की चर्चा का विषय बन गया है।