धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसमर्रा में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी को अंजाम देने वाले दो युवक और चोरी के सोने को गलाकर बिस्किट बनाने वाला रायपुर का एक सराफा कारोबारी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, 10 ग्राम सोने का बिस्किट तथा घटना में प्रयुक्त कुदाली बरामद की है पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना भखारा एवं साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मामले का पर्दाफाश किया। जानकारी के अनुसार ग्राम कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे अपने परिवार के साथ 13 मई को एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अभनपुर गए थे। 17 मई को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान का मुख्य दरवाजा और आलमारी का ताला टूटा हुआ है तथा घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी गायब हैं

पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदेही घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और आलमारी से जेवरात व नगदी चोरी कर ली थी

पुलिस ने घनश्याम यादव के कब्जे से चोरी के कुछ जेवरात और घटना में प्रयुक्त कुदाली बरामद की। इसके बाद रायपुर में रह रहे हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भी चोरी के जेवरात जब्त किए गए

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी के सोने के गुलबंद हार को बेचने के लिए आरोपी हेमंत ने रायपुर निवासी सराफा कारोबारी ओमप्रकाश सोनी को दिया था। पूछताछ में ओमप्रकाश ने स्वीकार किया कि उसने गुलबंद को गलाकर 10 ग्राम का सोने का बिस्किट बना दिया था। पुलिस ने उक्त सोने का बिस्किट भी बरामद कर जब्त कर लिया

गिरफ्तार आरोपी

घनश्याम यादव (23 वर्ष), ग्राम कोसमर्रा, थाना भखारा, जिला धमतरी।

हेमंत उर्फ सोनू मानिकपुरी (25 वर्ष), ग्राम कोसमर्रा, हाल निवासी मठपुरैना, रायपुर।

ओमप्रकाश सोनी (30 वर्ष), प्रोफेसर कॉलोनी, सेक्टर-02, रायपुर।

बरामद सामग्री

पुलिस ने आरोपियों से सोने की बाली, नथ, लॉकेट, टॉप्स, मंगलसूत्र, गुलबंद हार, चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठी, माला सहित अन्य जेवरात, 10 ग्राम सोने का बिस्किट तथा घटना में प्रयुक्त कुदाली बरामद की है

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 52/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305 एवं 3(5) के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में चोरी, नकबजनी और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी

धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी के जेवरात समेत पूरा गिरोह सलाखों के पीछे