धमतरी, 19 जून धमतरी नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड में स्थित जिला जेल के पीछे रहने वाले वार्डवासी जेल से निकलने वाले दूषित पानी एवं जर्जर नाली व्यवस्था से लंबे समय से परेशान हैं क्षेत्र में गंदा पानी जमा होने से आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है

स्थानीय रहवासियों ने बताया कि पूर्व में निर्मित नाली की निकासी रेलवे ट्रैक निर्माण के बाद बाधित हो गई है, जिससे गंदे पानी के निकास की कोई समुचित व्यवस्था नहीं बची है वार्डवासियों द्वारा कई बार महापौर, नगर निगम प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है


क्षेत्र में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के बच्चों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है नाली के ऊपर लगे ढक्कन जर्जर एवं क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे बच्चों एवं राहगीरों के नाली में गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है

वार्डवासी अशोक मानिकपुरी, रमजान खान एवं छोटू खान ने बताया कि दूषित पानी, दुर्गंध एवं जलभराव के कारण उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की है

मामले की गंभीरता को देखते हुए एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया तथा वार्डवासियों की समस्याओं को सुना उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों एवं प्रशासन की लापरवाही के कारण क्षेत्र के लोगों को नारकीय जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है

राजा देवांगन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर दूषित पानी की निकासी, नाली मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्यों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया और समस्या का स्थायी निराकरण नहीं किया गया, तो एनएसयूआई वार्डवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी