धमतरी। शहर की राजनीति पर आधारित एक व्यंग्यात्मक एनीमेशन वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। व्हाट्सएप ग्रुप, इंस्टाग्राम रील्स और फेसबुक पर साझा किए जा रहे इस वीडियो को लेकर शहर के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कई लोग इसे मनोरंजक राजनीतिक व्यंग्य बता रहे हैं, जबकि इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। वायरल वीडियो में महापौर से मिलता-जुलता एक कार्टून किरदार विपक्ष के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के पास पहुंचता है और उनसे प्रदर्शन का कारण पूछता है। वीडियो में प्रदर्शनकारी पहले हमारी मांगें पूरी करो जैसे नारे लगाते दिखाई देते हैं। जब उनसे मांगों के बारे में पूछा जाता है तो वे तानाशाही नहीं चलेगी और अंग्रेजों भारत छोड़ो जैसे नारे लगाने लगते हैं। वीडियो में यह दिखाने का प्रयास किया गया है कि प्रदर्शनकारियों के पास कोई स्पष्ट मांग नहीं है। वीडियो के अंतिम हिस्से में महापौर जैसा दिखने वाला कार्टून किरदार सिर पकड़ लेता है और बैकग्राउंड में ठहाकों के बीच एक पंचलाइन सुनाई देती है। इसी दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर सबसे अधिक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। यह वीडियो किसने बनाया और सबसे पहले किस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि, शहर के विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसे बड़ी संख्या में शेयर किया जा रहा है। चाय चौपालों से लेकर राजनीतिक गलियारों तक यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे वर्तमान स्थानीय राजनीति पर व्यंग्य मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक कटाक्ष के रूप में देख रहे हैं। खबर लिखने तक दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई हैं।
0 Comments