दुर्गेश साहू धमतरी। राजनीति के गलियारों में कब कौन-सी घटना चर्चा का विषय बन जाए, कहना मुश्किल है। इन दिनों जिले के एक बड़े राजनीतिक संगठन के मुखिया साहब से जुड़ा ऐसा ही एक मामला शहरभर में सुर्खियां बटोर रहा है। चर्चा है कि हाल ही में आयोजित एक बड़े दलीय कार्यक्रम के दौरान उनकी जेब कट गई, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों से लेकर चौक-चौराहों तक तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। चर्चाओं के मुताबिक कार्यक्रम के बाद मुखिया साहब ने अपने करीबी लोगों के बीच इस घटना का जिक्र करते हुए अफसोस जताया कि जेब में रखी रकम एक जरूरी काम से किसी व्यक्ति को देने के लिए रखी गई थी, लेकिन उससे पहले ही वह गायब हो गई। इसके बाद लोगों के बीच यह सवाल भी उठने लगा कि कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ के बीच आखिर किसने इतनी सफाई से जेब पर हाथ साफ कर दिया।
चौक-चौराहों पर तरह-तरह की चर्चाएं
घटना के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कोई इसे भीड़ का फायदा उठाकर की गई जेबकतरी बता रहा है, तो कोई मजाकिया अंदाज में इसे घर के भेदी का कारनामा कह रहा है। वहीं कुछ लोग यह भी कहते सुने जा रहे हैं कि आखिर वह रकम किसकी किस्मत में चली गई। इधर, राजनीतिक गलियारों में एक और चर्चा भी तैर रही है। कुछ लोग इसे सामान्य जेबकटने की घटना मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग दबी जुबान में तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। हालांकि इन चर्चाओं की किसी स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, सच चाहे जो भी हो, लेकिन मुखिया साहब की कटी जेब इन दिनों शहर की सबसे चर्चित राजनीतिक गपशप का हिस्सा बनी हुई है और लोग अपने-अपने अंदाज में इसकी चर्चा करते नजर आ रहे हैं।
0 Comments