दुर्गेश साहू धमतरी। यूथ कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव को लेकर जिले में सियासी हलचल तेज है। विभिन्न पदों के दावेदार सदस्यता और वोट जुटाने में सक्रिय हैं। चुनावी सरगर्मी के बीच संगठन के भीतर खेमेबाजी और अपने-अपने समर्थित प्रत्याशियों को आगे बढ़ाने की कोशिशों की चर्चा भी जोर पकड़ रही है। वार्डों और गांवों से लेकर सोशल मीडिया तक दावेदार अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। चुनाव अब सिर्फ पद हासिल करने की प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं दिख रहा। संगठन के भीतर चर्चा है कि अलग-अलग दावेदारों के पीछे वरिष्ठ नेताओं के समर्थक भी सक्रिय हैं। ऐसे में मुकाबला युवा चेहरों के साथ-साथ संगठन के भीतर प्रभाव और वर्चस्व से भी जुड़ता नजर आ रहा है। इस खींचतान को लेकर लंबे समय से संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं में चिंता भी है। उनका मानना है कि चुनावी प्रतिस्पर्धा के दौरान बढ़ी तल्खी का असर परिणाम के बाद संगठन की एकजुटता पर पड़ सकता है। चुनाव में जीत-हार भले ही तय हो जाएगी, लेकिन सभी गुटों को साथ लेकर चलना नई टीम के लिए बड़ी चुनौती होगी।
21,779 वोटों में 16,047 पेड वोट
चुनावी आंकड़ों में भी दावेदारों की सक्रियता दिखाई दे रही है। धमतरी विधानसभा क्षेत्र में 10,256 कुल वोटों में 7,722 पेड वोट दर्ज हुए हैं। कुरूद में 5,131 में से 4,106 और सिहावा में 6,392 में से 4,219 पेड वोट दर्ज किए गए हैं। खबर लिखे जाने तक जिले में कुल 21,779 वोट दर्ज हुए हैं, जिनमें 16,047 पेड वोट शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक कुल वोटों में पेड वोटों की हिस्सेदारी करीब 74 फीसदी है। इससे चुनाव में सदस्यता और वोट जुटाने को लेकर दावेदारों की सक्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। अब निगाहें चुनाव परिणाम पर हैं। परिणाम से युवा कांग्रेस की नई टीम तय होगी, लेकिन उसके साथ संगठन के भीतर बने मौजूदा समीकरण भी सामने आएंगे। चुनाव के बाद अलग-अलग खेमों को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाना नई टीम के सामने अहम चुनौती रहेगी।
0 Comments