संजय देवांगन// धमतरी दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी रही बारिश थमने के कई घंटे बाद भी सोरिद, जोधापुर और डाकबंगला वार्ड में पानी जमा रहा। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ। सोरिद-बागतरई मार्ग पर बना पुल उफान पर आने से आवागमन बाधित रहा। वहीं जलभराव के कारण दर्जनों घर प्रभावित हुए। कई मकानों के भीतर तक पानी पहुंचने से लोगों को रातभर परेशानियों का सामना करना पड़ा। वार्डवासियों के अनुसार कुछ स्थानों पर पानी 4 से 5 फीट तक भर गया था। घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। जलभराव के बीच परिवारों को अपने सामान और जरूरी वस्तुओं को सुरक्षित रखने की जद्दोजहद करनी पड़ी। पानी के साथ सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के घरों में पहुंचने का खतरा भी बना रहा। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महापौर रामू रोहरा, निगम आयुक्त सहित अधिकारी प्रभावित इलाकों का जायजा लेने ट्रैक्टर से पहुंचे। अधिकारियों ने जलभराव की स्थिति देखी और निकासी व्यवस्था की जानकारी ली सोरिद नाला शहर के प्रमुख जलनिकासी मार्गों में शामिल है बारिश के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों का पानी इसी नाले में पहुंचता है। नगर निगम ने नाले के किनारों पर करोड़ों रुपये की लागत से सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया है इसके बाद उम्मीद थी कि बारिश के पानी की निकासी बेहतर होगी और बस्ती में जलभराव की समस्या कम होगी। लेकिन लगातार बारिश के बाद सामने आई स्थिति ने इस निर्माण की उपयोगिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले का पानी आगे नहीं निकल पाने पर दबाव बढ़ रहा है और पानी वापस बस्ती की ओर आ रहा है उनका आरोप है कि दीवार बनने के बाद कुछ हिस्सों में जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है
घरों में घुसा गंदा पानी, रातभर मशक्कत

जलभराव के कारण नाले का गंदा पानी कई घरों तक पहुंच गया। लोगों को घर के भीतर जमा पानी निकालने के लिए रातभर मशक्कत करनी पड़ी। रहवासियों का कहना है कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से तेज बारिश के दौरान परेशानी बढ़ जाती है लोगों ने नाले की दीवार और जलनिकासी व्यवस्था की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निर्माण में कोई खामी है तो जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। संबंधित इंजीनियर और निर्माण एजेंसी की भूमिका की भी जांच की मांग उठाई गई है।

विधायक की मौजूदगी को लेकर सवाल

जलभराव की गंभीर स्थिति के बीच महापौर, निगम आयुक्त और अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं क्षेत्रीय विधायक की मौके पर मौजूदगी नहीं होने को लेकर वार्डवासियों में नाराजगी की बात सामने आई है लोगों का कहना है कि संकट की ऐसी स्थिति में जनप्रतिनिधियों को प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए अब सवाल यह है कि दो दिन की बारिश में जब करीब दर्जनों घर प्रभावित हुए, तो लगातार बारिश की स्थिति में क्या होगा? करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी जलनिकासी की समस्या बनी हुई है तो इसकी तकनीकी जांच कब होगी? निर्माण में खामी सामने आने पर जिम्मेदारी तय होगी या बारिश थमने के साथ यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

महापौर-आयुक्त बोले: राहत और जलनिकासी का काम लगातार जारी

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगम की टीम रातभर राहत कार्य में जुटी रही। प्रभावित लोगों के लिए भोजन और वैकल्पिक ठहरने की व्यवस्था की गई सात अधिक प्रभावित वार्डों को चिन्हित कर लगातार निगरानी रखी जा रही है जहां पहुंचना संभव था, वहां ट्रैक्टर से पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और पानी के बहाव में आ रही रुकावटों को हटाया गया। वही आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि अधिक जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी निकासी की व्यवस्था लगातार की जा रही है। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक आवास की व्यवस्था भी निगम कर रहा है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है